मुंबई। पिछले सप्ताह तक गर्म रहने वाला मुंबई का पारा गुरुवार को तीन डिग्री तक गिर गया. जबकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि अधिकतम तापमान में केवल एक डिग्री की गिरावट हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में दिसंबर सबसे ठंडा महीना होता है। पिछले दस वर्षों में सबसे कम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस 27 दिसंबर 2011 को दर्ज किया गया था। साथ ही 20 डिग्री के न्यूनतम तापमान से नीचे के सभी रिकॉर्ड दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पाए जाते हैं।
पिछले हफ्ते तूफान निवार के तट से टकराने के बाद राज्य में बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। लेकिन मुंबई में अधिकतम तापमान में अधिक गिरावट नहीं दर्ज हुई। गुरुवार की सुबह पवई व सांताक्रूज में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। चारकोप, कांदिवली और मुलुंड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शहर में पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं हुई है।