मसौदा वोटर लिस्ट का प्रकाशन 16 फरवरी को
मुंबई। नवी मुंबई, वसई-विरार और कोल्हापुर महानगरपालिका के चुनाव सहित अन्य विभिन्न 16 महानगर पालिकाओं में 25 रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए 16 फरवरी को प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा। राज्य चुनाव आयुक्त यूपीएस मदान ने कहा कि इस पर 23 फरवरी तक आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं।
मदान ने कहा कि भारत के चुनाव आयोग की तरफ से तैयार तथा 15 जनवरी 2021 को अस्तित्व में आई विधानसभा क्षेत्रों की सूची चुनाव के लिए स्वीकार्य होंगी। उन्हें प्रारूप के रूप में वार्डों द्वारा विभाजन के बाद 16 फरवरी को जारी किया जाएगा।
आपत्तियां और सुझाव 23 फरवरी तक दर्ज किए जा सकते हैं। इसके बाद 3 मार्च को वार्ड वार अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा। मतदान केंद्रों की सूची 8 मार्च को और मतदान केंद्रों की सूची 12 मार्च को प्रकाशित की जाएगी। मदान ने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों की सूची की तरह ही वार्डवार मतदाता सूचियों में मतदाताओं के नाम और पते कायम रखे जाते हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग इन सूचियों में नए नाम जोड़ने, नामों को छोड़ने या नामों या पतों को सही करने के रूप में कार्रवाई नहीं करता है। आपत्तियों और सुझावों के अलावा, मतदाता सूचियों को विभाजित करते समय होने वाली त्रुटियों के मामले में सुधार किया जाता है।