मुंबई। अयोध्या में बनाए जा रहे भगवान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत अन्य संगठनों द्वारा निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में शुक्रवार को मुंबई के विभिन्न समाज के 36 से अधिक समाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वाधान में निधि समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भगवान श्रीराम ने हमें हृदय जोड़ना सिखाया है – स्वामी गोविन्द देव गिरी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कोषाध्य़क्ष स्वामी गोविन्द देव गिरी महाराज विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम ने हृदय को हृदय से जोड़ना सिखाया है. उनका प्रत्येक संदेश मानवमात्र के लिए है.
कार्यक्रम में मुंबई समेत महाराष्ट्र के मुस्लिम, सिख, जैन सहित विभिन्न समाज के लोगों ने उपस्थित होकर श्रीराम मंदिर के निर्माण में अपनी-अपनी निधि समर्पण किया। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक समाज की ओर से फिल्म अभिनेता रजामुराद के साथ बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।
रजामुराद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के साथ ही अयोध्या मंदिर का सारा विवाद समाप्त हो गया है। हम सभी इसी भूमि के संतान है, हमें इसी में मिल जाना है। प्रेम से हम बिनामूल्य बिक जाते है। आज भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण में हम सभी भारतवासियों को दिल से मदद के लिए आगे कदम बढ़ाना चाहिए।