कालीना में ‘स्वदेशी बाजार रथ’ का उद्घाटन
दिवाली पर होगी स्वदेशी वस्तुओं की विक्री
मुंबई- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सफल बनाने के लिए स्वदेशी बाजार रथ की शुरुआत की गयी. अभियान को और मजबूत बनाने के लिए सोमवार को कालीना विधानसभा क्षेत्र में मुंबई भाजपा युवा मोर्चा द्वारा निर्मित स्वदेशी वस्तुओं के विक्री के लिए स्वतंत्रता सेनानी शहीद बाबू गेनू स्मृति में स्वदेशी बाजार रथ का उद्घाटन मुंबई भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने किया।
भाजपा विधायक और उत्तर भारतीय संघ, मुंबई के अध्यक्ष आरएन सिंह, मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह के नेतृत्व एवं युवा भाजपा नेता आदित्य अमरजीत सिंह के संयोजन में अभियान की शुरुआत की गयी. भाजपा युवा मोर्चा द्वारा बनाए गए स्वदेशी बाजार रथ के माध्यम से पूरे उत्तर-मध्य मुंबई जिले में भ्रमण करते हुए मिट्टी से बनाए गए दीयों, कंदील और रंगोली बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुओं की अल्प दर पर विक्री की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वोकल फ़ॉर लोकल का मंत्र दिया है. इस मंत्र के अनुसार अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं के उत्पाद और इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है.
वोकल फॉर लोकल के लिए मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम को स्वतंत्रता सेनानी शाहिद बाबू गेनू का नाम दिया गया है. रथ के उद्घाटन अवसर पर अक्षय कालेकर, गौरव सिंह, भुनेश आकड़े, आकाश कागड़ा, तनवीर शेख, ऐजाज शेख सहित बड़ी संख्या में उत्तर-मध्य मुंबई जिला युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे.