बेस्ट यात्रियों की संख्या पहुंची 23 लाख
बेस्ट को 2 करोड़ 3 लाख 39 हजार की आय
मुंबई: लॉकडाउन के बाद अनलॉक प्रक्रिया के तहत 14 जून से शुरू की गयी बेस्ट बसों में प्रतिदिन यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है. मुंबईकरों की लाइफ लाइन बन चुकी ‘बेस्ट’ के यात्रियों की संख्या 23 लाख तक पहुंच गई है. कोरोना काल के चलते अनेक सार्वजनिक सेवाएं अभी पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाई है इसलिए भविष्य में बेस्ट यात्रियों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है.
कोरोना के कारण लागू प्रतिबंध से पहले बेस्ट बसों से प्रतिदिन लगभग 30 लाख यात्री यात्रा कर रहे थे। इसलिए यात्रियों की संख्या में और वृद्धि करने के लिए बेस्ट प्रशासन ने इस वर्ष किराए में वृद्धि नहीं करने का फैसला किया है। गौरतलब हो कि 9 मार्च को बेस्ट में 30 लाख 88 हजार 834 यात्रियों ने सफर किया था। 16 मार्च को यह घटकर 28 लाख रह गया। लेकिन 20 नवंबर को 22 लाख 47 हजार 542 यात्रियों ने बेस्ट से यात्रा की। इससे बेस्ट को 2 करोड़ 3 लाख 39 हजार रुपये की आमदनी हुई। महाप्रबंधक ने बेस्ट समिति की बैठक में स्पष्ट किया कि किराया वृद्धि प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जा रहा है. क्योंकि आशंका है कि किराया बढ़ाए जाने पर यात्री अन्य विकल्पों का सहारा लेंगे।