मुंबई, 11 मार्च। कांग्रेस पार्टी ने महाघोटाले का आरोप लगाते हुए सोमवार 13 मार्च को राजभवन का घेराव करने का ऐलान किया है। कांग्रेस का आरोप है कि अदानी के महाघोटाले को लेकर भाजपा चुप क्यों है। इसके खिलाफ सोमवार को गिरगांव चौपाटी से निकला मोर्चा राजभवन का घेराव करेगा।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले के अनुसार केंद्र की मोदी सरकार की उद्योगपति अदानी पर विशेष मेहरबानियां हैं। एसबीआई और एलआईसी से लेकर कई कंपनियों के पैसे मनमानी तरीके से अदानी की कंपनी में निवेश किए गए हैं। इस घोटाले का खुलासा होने के बाद अदानी समूह में लगा जनता का पैसा सुरक्षित नहीं रहा। इसका जवाब मांगने के लिए मुंबई में महामोर्चा निकलेगा।
पटोले का आरोप है कि पीएम मोदी की तानाशाही के कारण देश आर्थिक संकट में जा रहा है। कांग्रेसी नेता राहुल गांधी पहले ही सचेत कर चुके हैं कि अदानी का गुब्बारा जल्द फूटेगा। विपक्ष भले ही एकजुट होने को तैयार नहीं है लेकिन अदानी का गुब्बारा फूटा और जनता का पैसा खतरे में आ गया है। कांग्रेस पार्टी ने संसद में अदानी के महाघोटाले की जांच करने की मांग की है। लेकिन मोदी सरकार कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
पटोले ने कहा कि पूर्व मंत्री हसन मुश्रीफ व सदानंद कदम के खिलाफ ईडी ने कार्रवाई की है। लेकिन ईडी भाजपा में शामिल हुए आरोपित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। इस तानाशाही के खिलाफ सोमवार को दोपहर तीन बजे गिरगांव चौपाटी से राजभवन का घेराव करने मोर्चा निकलेगा।