रिलायंस जियो की सर्विस एक बार फिर से मुंबई में ठप पड़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई सर्कल में जियो की सर्विसेस ठप हो गई हैं, जिसके चलते मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के जियो यूजर्स न कॉलिंग कर पा रहे हैं न ही इंटरनेट चला पा रहे हैं। कई लोगों ने इसकी शिकायत करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। पिछले चार महीने में यह दूसरा मौका है जब मुंबई में जियो की सेवाएं ठप पड़ी हैं।
कई यूजर्स ने जियो फाइबर के साथ भी दिक्कत आने की शिकायत की है। रिपोर्ट के मुताबिक जियो ने मुंबई सर्किल में अपने नेटवर्क को बंद कर दिया है। ग्राहकों की शिकायत पर कंपनी की ओर से कहा गया है कि 5 फरवरी की शाम 7 बजे के बाद सेवाएं शुरू होंगी। कंपनी की ओर से यह आश्वासन यूजर्स को मैसेज के जरिए दिया गया है, हालांकि सार्वजनिक तौर पर जियो ने इस आउटेज को लेकर कुछ नहीं कहा है।
लोग ट्विटर पर कर रहे शिकायत
मुंबई में रिलायंस जियो के यूजर्स को इंटरनेट इस्तेमाल के दौरान Not registered on network के मैसेज मिल रहे हैं। Jio यूजर्स ने ट्विटर पर अपनी शिकायतें की हैं। यूजर्स का दावा है कि किसी भी नंबर पर कॉल लगाने पर कॉल नहीं लग रहा है। यूजर्स का कहना है कि जियो से जियो के नंबर पर और जियो से दूसरे नंबर पर दोनों स्थिति में कॉल करने में दिक्कत आ रही है। मुंबई सर्किल में जियो की सर्विस डाउन होने की पुष्टि डाउनडिटेक्टर ने भी की है।