मुंबई, 22 मई । मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में 26/11 अटैक संबंधी आए संदिग्ध फोन कॉल की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। यह फोन कॉल रविवार देर रात मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आया था। मुंबई पुलिस गोपनीयता बरतते हुए फोन कॉल को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर कहा कि वह राजस्थान से बोल रहा है। उस व्यक्ति ने बताया कि उसे बार-बार कोई अनजान व्यक्ति फोन कर मुंबई में 26/11 हमले से जुड़ी कुछ जानकारियां दे रहा है। इतना कहने के साथ ही कॉलर ने फोन काट दिया। इसके बाद मुंबई पुलिस की ओर से फोन कॉल करने वाले व्यक्ति के फोन नंबर पर फोन करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन नंबर बंद आ रहा है।
इस तरह के फोन कॉल इससे पहले भी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को मिले हैं। इसलिए पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।