मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार सबको वैक्सीन देने के लिए तैयार है। केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में पहले चरण में 51 लाख लोगों को टीका लगेगा। इसके लिए 1.02 करोड़ डोज की जरूरत पड़ेगी। फिलहाल दिल्ली सरकार के पास 74 लाख डोज स्टोर करने की क्षमता है जिसे बढ़ाया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति को दो डोज दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रॉयरिटी ग्रुप्स की पहचान हो गई है और शुरू में जिन्हें टीका लगेगा, उनकी लिस्ट अगले एक हफ्ते में तैयार हो जाएगी। प्रॉयरिटी लिस्ट के अनुसार, लाभार्थियों की पहचान कर ली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पहले चरण में 3 लाख स्वास्थ्यकर्मी, 6 लाख से अधिक फ्रंटलाइन वर्कर्स जिसमें पुलिस, सिविल डिफेंस, एमसीडी कर्मी व अन्य। इनके अलावा 50 साल से अधिक उम्र वाले और 50 साल से कम उम्र के वो लोग जिन्हें कोई गंभीर बीमारी है, ऐसे करीब 42 लाख लोग हैं जिन्हें वैक्सीनेशन के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि बीमार लोगों को चिन्हित करने का काम लगभग अंतिम चरण में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘जब वैक्सीन आएगी तो जिन लोगों का रजिस्ट्रेशन है, उन्हीं को वैक्सीन सबसे पहले मिलेगी। जिनका रजिस्ट्रेशन है, उनको SMS के जरिए बता दिया जाएगा कि इस दिन यहां पर वैक्सीन के लिए पहुंचना है। सरकार दिल्ली वालों को जानकारी देगी।’
केजरीवाल ने बताया कि अभी हमारे पास 74 लाख डोज को रखने की व्यवस्था है। बाकी डोज के लिए जल्द ही नए कोल्ड स्टोरेज बनाए जाएंगे। कोविड-19 केंद्र चिन्हित करने का काम भी अंतिम चरण में है। हर केंद्र पर पांच लोगों की टीम का काम भी पूरा हो चुका है। डॉक्टर्स के प्रशिक्षण का काम पूरा हो चुका है। केजरीवाल ने कहा कि अगर वैक्सीन से किसी को साइड इफेक्ट होता है तो उसके इलाज की भी व्यवस्था कर ली गई है। अब हमें सिर्फ कोविड वैक्सीन के भारत में आने का इंतजार है.