बिल्डिंगों से मिल रहे 90 प्रतिशत कोरोना मरीज
मुंबई। जिस तरह से 90 प्रतिशत कोरोना मरीज बिल्डिंगों से मिल रहे हैं उसी तरह से सील इमारतों की संख्या भी तेजी बढ़ रही है. मुंबई में पिछले 13 दिनों में सील बिल्डिंगों की संख्या में 165 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। सील बिल्डिंगों की संख्या 133 से 220 तक पहुंच गई है। जबकि सील फ्लोर की संख्या 3170 तक पहुंच गई है। इस दौरान कंटेनमेंट जोन की संख्या भी 13 दिनों में 13 से बढ़कर 31 तक पहुंच गई है।
मनपा सूत्रों के अनुसार मुंबई में 220 बिल्डिंग सील हैं। जिसमें 0.45 लाख लोग निवास करते हैं। एक बिल्डिंग में 5 से अधिक कोरोना मरीज मिलने पर मनपा उसे सील करती है। वहीं कोरोना मरीज ठीक होने पर अब तक 64909 सील बिल्डिंग रिलीज किया जा चुका है। कोरोना मरीज मिलने के कारण 3170 फ्लोर सील हैं। जिसमें 5.56 लाख लोग रहते हैं। एक फ्लोर पर 2 से अधिक मरीज मिलने पर उसे सील कर देती है।
मनपा आयुक्त चहल ने पिछले दिनों कहा था कि मुंबई में सिर्फ 10 प्रतिशत मरीज स्लम से मिल रहे हैं। अब वहां भी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उसी का नतीजा है कि मुंबई में कंटेन्मेंट जोन की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। 28 फरवरी को 12 कंटेन्मेंट जोन थे जो 13 दिनों में बढ़कर 31 हो गए हैं। इसमें 258 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
कंटेन्मेंट जोन में 2.29 लाख लोग रहते हैं। सील बिल्डिंग, सील फ्लोर व कंटेन्मेंट जोन को मिलाकर मुंबई की कुल 8.30 लाख आबादी प्रतिबंधित क्षेत्र में रह रही है। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा कि बिल्डिंगों में कोरोना के मरीज ज्यादा मिल रहे हैं। इसलिए सील बिल्डिंगों एवं फ्लोर की संख्या बढ़ रही है। साथ ही हम स्लम एरिया में भी टेस्टिंग बढ़ा रहे हैं। जिससे कंटेन्मेंट जोन की भी संख्या बढ़ रही है।