मुंबई। मनपा प्रशासन द्वारा सरकारी अस्पतालों के बाद अब निजी अस्पतालों को भी कोरोना वायरस टीका लगाने की अनुमति प्रदान कर दी गयी है। कुछ अस्पतालों में सोमवार 15 फरवरी से यह कार्य शुरू भी हो जाएगा। इसी कड़ी में 20 निजी अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपने कर्मचारियों को टीका लगाने की अनुमति दी गई है।
मुंबई मनपा ने शहर के निजी अस्पतालों की एक सूची तैयार की है। इन अस्पतालों में टीकाकरण लगाने संबंधी सभी सुविधाएं जैसे वेटिंग रूम, ऑब्जर्वेशन रुम और इमरजेंसी होंगी। महाराष्ट्र में अब तक 5 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मचारियों और फ्रंटलाइन श्रमिकों का टीकाकरण हो चुका है।
को-विन पोर्टल पर अब तक 10 लाख 54 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 4 लाख 68 हजार 293 स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया गया है। जबकि 5 लाख 47 हजार फ्रंटलाइन वर्कर पंजीकृत किए गए हैं जिनमें से 41 हजार 453 को टीका लगाया गया है। राज्य में हर दिन लगभग 40,000 से 45,000 स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के तीसरे चरण में, 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों जिन्हें सहव्याधि है और 50 वर्ष से कम आयु वाले लोगों को टीकाकरण किया जाएगा। इस बाबत पंजीकरण 1 मार्च के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।