मुंबई। पालघर जिले में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पंद्रह वर्षीय लड़की के गर्भ ठहरने का पता चलने के बाद परिजनों ने पुलिस थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि लड़की के पड़ोस में रहने वाले 20 वर्ष के युवक ने जनवरी से मई माह के बीच उससे कई बार दुष्कर्म किया था। लड़की के परिजनों की शिकायत के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की ने हाल में पेट दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उसकी चिकित्सा जांच कराई गई तो उसके गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद लड़की के परिजनों ने आरोपित के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपित युवक लड़की के घर जाया करता था। उसने यह अपराध उस वक्त किया जब लड़की के माता-पिता घर पर नहीं होते थे। आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।