आगरा (Agra) के थाना कमलानगर क्षेत्र में शनिवार को मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के ऑफिस में छह बदमाशों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश कर्मचारियों को बंधक बनाकर 17 किलो सोने के जेवरात और पांच लाख रुपये कैश लूटकर ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना पाते ही मौके पर पुलिस के आला अधिकारी मय फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने यहां स्टाफ से घटना के बारे में जानकारी ली।
बदमाश कहां से आए थे और किस तरफ गए हैं। यह जानने के लिए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए जा रहे हैं। वहीं कमला नगर जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात से एक बार फिर सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
थाना कमला नगर क्षेत्र में सेंट्रल बैंक मार्ग पर एक इमारत में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी का ऑफिस है। मणप्पुरम गोल्ड का ऑफिस पहली मंजिल पर है। बताया गया है कि दोपहर करीब दो बजे छह बदमाश ऑफिस में घुसे। शाखा में बदमाशों को देखकर यहां के स्टाफ में हड़कंप मच गया। शोर मचाने पर बदमाशों ने यहां मौजूद लोगों को गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने घुसते ही मैनेजर और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे को ढक रखा था। उनके हाथों में हथियार थे। उन्होंने मैनेजर और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी और करीब 17 किलो सोने के जेवरात और पांच लाख रुपये कैश अपने बैगों में भर लिया। इसके बाद आसानी से फरार हो गए। लूटे गए 17 किलो सोने के जेवरात की कीमत करीब सवा आठ करोड़ रुपये से ज्यादा है।