बिहार के पूर्णिया में मंगलवार की रात चलती बस में छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने की कोशिश पर एक महिला ने बस से बाहर छलांग लगा दी। बस के अंदर 6 युवकों ने पहले उसके साथ अश्लील हरकतें की। थोड़ी देर में वो लड़के रेप की कोशिश करने लगे। खुद को बचाने के लिए महिला ने चलती बस की खिड़की से छलांग लगा दी। इससे वह घायल हो गई। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। महिला दार्जिलिंग की रहने वाली है।
सुबह 6 बजे लोगों को वह सड़क किनारे गंभीर हालत में मिली। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने बताया कि उसने बचाने की आवाज लगाई तो ड्राइवर ने बस रोकने की जगह स्पीड बढ़ा दी। इसके बाद उसे कुछ समझ नहीं आया तो वो बस की खिड़की से कूद गई। युवती वैशाली से शाम 6 बजे बस से सिलीगुड़ी जा रही थी। वह बस में अकेली महिला यात्री थी। बस पर कंचनजंघा लिखा था।
घटना पूर्णिया के बायसी थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट के पास रात करीब 3 बजे की है। पुलिस ने महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूर्णिया पहुंचाया। फिलहाल वहीं उसका इलाज चल रहा है। मेडिकल कॉलेज के डॉ. पवन चौधरी ने बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सिर में गंभीर चोट लगी है।
पुलिस का कहना है कि महिला बमुश्किल टूटी-फूटी हिंदी बोल पा रही थी. वह नेपाली बोल रही थी. वह पेशे से टीचर है. वह वैशाली पटना से सिलीगुड़ी जा रही थी. वह दार्जिलिंग की रहने वाली है।
25 जनवरी को सदर अस्पताल पूर्णिया में पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए. बयानों में महिला ने कहा है कि वह दार्जिलिंग से नौकरी के सिलसिले में वैशाली गई थी। 24 जनवरी को वह वैशाली से दार्जिलिंग के लिए बस में सवार हुई थी। उसी दौरान रास्ते में यह घटना हो गई। जब उसे होश आया तो वह सदर अस्पताल पूर्णिया में थी। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे सिलीगुड़ी रेफर कर दिया गया है. महिला के सिर में कई गंभीर जख्म हैं।
पूर्णिया एसपी आमिर जावेद ने बताया कि पुलिस को मंगलवार आधी रात के बाद एक महिला सड़क पर घायल हालत में पड़ी मिली। उसने कहा कि वह वैशाली से सिलीगुड़ी जाने वाली बस में यात्रा कर रही थी जब कुछ लोगों ने उसे परेशान करने की कोशिश की, खुद को बचाने के लिए वह चलती बस से कूद गई। महिला को अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। घायल महिला दार्जिलिंग के डोकेनडास की रहने वाली है। वह सिलीगुडी के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। वह नेपाल की नागरिक है और नेपाली भाषा में ही बात कर रही है।