फर्जी अधिकारी गिरफ्तार
मुंबई। शादी का झांसा देकर कई लड़कियों के साथ करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी अधिकारी को नवी मुंबई की खांदेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम प्रोफाइल के जरिये लड़कियों को पहले खुद को प्रांत अधिकारी बताता उसके बाद शादी का झांसा देकर ठगी करता था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से कई सरकारी पहचान पत्र बरामद करने के साथ ही पुलिस ने अभी तक छह मामलों का खुलासा किया गया है, जिसमें डेढ़ करोड़ से अधिक की ठगी हुई है। खांदेश्वर पुलिस ने फर्जी अधिकारी तुषार मारुती थिगले को नेरुल से गिरफ्तार किया है।
जुई नगर में रहने वाला तुषार मूलरूप से पुणे के खेड़ का निवासी है। वह इंस्टाग्राम के जरिए लड़कियों से दोस्ती कर पीली बत्ती वाली गाड़ी और बाउंसरों के साथ फोटो शेयर करता था। इसके बाद लड़कियों से दोस्ती करने के बहाने शादी का झांसा देता था और बाद में अपनी ऊंची पहुंच का धौंस दिखाते हुए रेलवे और अन्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे ऐंठता था। किसी को सरकारी विभाग से पुरानी गाड़ी सस्ते में दिलाने के नाम पर ठगी करता था।
इस तरह मुंबई, नवी मुंबई, पनवेल, पुणे, नाशिक आदि शहरों की लड़कियों के साथ ठगी कर चुका है। पनवेल की एक लड़की ने पिछले महीने खांदेश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोपी तुषार थिगले पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसके साथ जनवरी में शादी कर ठगी की है। उसने नाशिक में रहने वाले उसके रिश्तेदारों से लाखों रुपये लेकर ठगी को अंजाम दी है। इसके साथ ही कई लड़कियों के साथ शादी के नाम पर ठगी की है।
तुषार ने भांडुप में रहने वाली एक लड़की के साथ ही इसी तरह शादी का झांसा देकर छह महीने तक रिलेशन में रहते हुए उसके साथ लगभग 10 लाख रुपये की ठगी की है। बोरीवली में रहने वाली एक लड़की के शादी करने के बाद से वह फरार हो गया था। खांदेश्वर पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक किरण वाघ की टीम ने आरोपी को नेरुल से गिरफ्तार कर लिया है।