जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में पीजी की एक छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर वसंत कुंज नार्थ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 31 वर्षीय हिमांशु रंजन मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है। वह जेएनयू में ही भाषा विभाग में लैंग्वेज कोर्स कर रहा है और सीए भी है। वह मुनिरका में किराये पर रहता है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह जेएनयू से पीजी कर रही है और छात्रावास में रहती हैं। वह एक कंपनी में इंटर्नशिप कर रही है। उसने दफ्तर की तस्वीर इंस्टाग्राम स्टेट्स पर लगा रखी थी। इसके चलते ही आरोपी की उसके साथ जान-पहचान हुई थी।
पीड़िता ने बताया कि उसकी तस्वीर पर 11 मई को हिमांशु ने मैसेज करके कहा कि वह भी जेएनयू का छात्र है। उसने पीड़िता से अनुरोध किया कि वह उसकी भी नौकरी लगवा दे। इस बहाने से वह उसके साथ चैट करने लगा। इसके बाद आरोपी मोबाइल नंबर लेकर फोन पर बात करने लगा।
14 मई को उसने पीड़िता को परिसर स्थित इंडिया कॉफी हाउस के पास बुलाया। उसने कुछ देर नौकरी, पढ़ाई आदि की बातें की फिर दोस्ती करने की बात कही। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी उसे इंडियन कॉफी हाउस के पीछे अंधेरे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह से पीड़िता उससे बचकर भागी लेकिन इस दौरान उसने पीड़िता का मोबाइल भी छीन लिया। बड़ी मुश्किल से उसने पीड़ता का फोन वापस किया। बाद में पीड़िता ने किसी की मदद से पुलिस को सूचना दी।
कई अन्य लड़कियों का कर चुका है यौन उत्पीड़न
आरोपित की गिरफ्तारी के बाद परिसर की ही एक लड़की ने इस बारे में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की तो उसकी पोल खुलती चली गई। पता चला कि आरोपित जेएनयू परिसर की ही एक छात्रा के साथ ढाई साल से प्रेम संबंध में था। पोस्ट करने वाली लड़की को छह अन्य लड़कियों ने स्क्रीनशाट देते हुए बताया कि उसने उनके साथ भी ऐसा करने का प्रयास किया है।
लड़कियों ने बताया कि कई छात्राएं तो उसके झांसे में आ भी गई हैं। एक लड़की ने बताया कि आरोपित इंस्टाग्राम स्टेटस देखकर चैटिंग करना शुरू करता है और फिर किसी न किसी बहाने से मिलता है। कभी अपने कमरे पर बुलाकर तो कभी सुनसान जगह पर ले जाकर यौन उत्पीड़न करता है।