दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार में कस्तूरबा नगर में निजी रंजिश में एक 20 वर्षीय युवती को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों द्वारा पीड़िता के चेहरे पर कालिख पोतकर उसे गलियों में घुमाने के मामले में 9 महिलाओं सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों में नौ महिलाओं के नाम एफआईआर में दर्ज हैं और अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, उसे महिला के पति द्वारा बुधवार को हुई एक घटना के बारे में सूचित किया गया, जो मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन उसके मकान मालिक ने उस इसकी सूचना दी।
पुलिस ने कहा कि सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और 20 वर्षीय महिला को आरोपियों से बचाया और थाने ले गए। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें गैंगरेप, शारीरिक हमला, यौन हमला और आपराधिक साजिश शामिल है।
मौके पर पहुंची पुलिस से बदसलूकी
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि वारदात की सूचना के बाद पहुंची पुलिस से भी आरोपियों ने बदसलूकी की। किसी तरह महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने लाया गया। उसका मेडिकल कराने के बाद विवेक विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
युवती को ऑटो से अगवा कर ले गए आरोपी
आरोप है कि बुधवार सुबह 10.45 बजे महिला की छोटी बहन घर से कुछ सामान लेकर बहन के घर के लिए निकली। लड़के के घरवालों ने उसका पीछा किया। इसके बाद वह कड़कड़डूमा में पीड़िता के घर पहुंच गए। वहां कई महिलाओं व अन्य लोगों ने पीड़िता को अगवा कर ऑटो में बिठा लिया। रास्ते में उसे पीटा। इसके बाद उसे कस्तूरबा नगर के एक मकान में लाकर दो नाबालिगों व एक अन्य लड़के के हवाले कर दिया।
दरअसल पीड़ित महिला और आरोपी परिवार के 16 वर्षीय लड़के के बीच दोस्ती थी। लड़के का परिवार इसका विरोध करता था। बाद में लड़की के परिजनों ने उसकी शादी सीमापुरी के एक युवक से कर दी। पिछले साल नवंबर में लड़की ने नाबालिग लड़के से मिलने से मना कर दिया। इसके बाद गुस्से में लड़के ने 12 नवंबर को विवेक विहार में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। लड़के के परिजन उसे बेटे की मौत का दोषी मानने लगे। शादी के बाद महिला अपने ससुराल सीमापुरी में रहती थी, लेकिन लड़के की मौत के बाद जब उसके परिवार ने लड़की की तलाश शुरू की तो वह छिपकर कड़कड़डूमा में रहने लगी।
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) आर. सथियासुंदरम ने कहा कि व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण एक महिला के यौन उत्पीड़न की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना शाहदरा जिले में हुई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। पीड़ित को हरसंभव मदद और परामर्श प्रदान किया जा रहा है।
दिल्ली महिला आयोग ने भी इस जघन्य अपराध के सिलसिले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई और पीड़िता के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।