पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह पिछले कई महीने से जांच एजेंसियों को नहीं मिल रहे हैं। सूत्रों के हवाले मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने या तो महाराष्ट्र पुलिस की तरफ से अपने खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने से पहले ही देश छोड़ दिया था या फिर वह फर्जी पासपोर्ट के सहारे देश से भागे हैं। सूत्रों के मुताबिक, परमबीर सिंह के छुट्टी पर जाने के दो महीने बाद महाराष्ट्र पुलिस ने सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
सूत्रों के मुताबिक, परमबीर सिंह ने 7 मई को अपने खराब स्वास्थ्य को कारण बताते हुए छुट्टी मांगी थी और चंडीगढ़ चले गए थे। वहां से उन्होंने अपनी छुट्टियां बढ़वाई लेकिन इसके बाद से वह गायब हैं। सिंह के खिलाफ पहला लुकआउट सर्कुलर जुलाई मध्य में जारी किया गया है। ऐसे में आशंका है कि सिंह ने इससे पहले ही देश छोड़ दिया था। परमबीर सिंह के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हैं। एंटी-करप्शन ब्यूरो में सिंह के खिलाफ दो इंक्वायरी भी लंबित हैं। सिंह को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एंटीलिया बम कांड में समन भी भेजा था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही दिनों बाद लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था।
यह भी अटकलें हैं कि परमबीर सिंह नेपाल के रास्ते विदेश गए हैं। सूत्रों ने कहा कि इसकी भी आशंका न के बराबर है क्योंकि यह रूट खुफिया एजेंसियों के सर्विलांस पर रहता है और इसे पार कर जाना आसान नहीं है। सूत्रों ने कहा, ‘परमबीर सिंह के देश छोड़कर जाना सिर्फ तभी संभव हो सकता है जब फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किया गया हो। संभवतः सिंह ने किसी और की आईडी पर अपनी फोटो का इस्तेमाल किया हो। बहुत बार फर्जी पासपोर्ट वाले लोग पकड़े जाते हैं लेकिन कुछ भागने में सफल रहते हैं क्योंकि वेरिफिकेशन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित है।’