झारखंड की उप राजधानी दुमका में एक नाबालिग लड़की को जिंदा जलाने के बाद गढ़वा में एक युवक को जलाने की घटना सामने आई है। एक युवक दो लोगों के बीच का झगड़ा सुलझाने पहुंचा था, इतने में आरोपी ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। घटना में पीड़ित बुरी तरह से झुलस गया है।
घटना शुक्रवार रात करीब 8.15 बजे की है। गढ़वा जिलांतर्गत नगर ऊंटारी थाना के चित्तविश्राम गांव में पेट्रोल छिड़ककर एक युवक को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना में 37 वर्षीय युवक बुरी तरह जल गया है। युवक का सर और चेहरा काफी जल गया है।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल नगर ऊंटारी अनुमंडल अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
झुलसे युवक की पहचान दीपक सोनी के रूप में हुई है। कहा जा रहा है कि पीड़ित सोनी विवाद के दौरान बीच बचाव करने गया था। इसी बीच, आरोपी कसमुद्दीन अंसारी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर थाना पर प्रभारी योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित दीपक सोनी ने बताया कि उसके घर के पास अस्मुद्दीन अंसारी और एक अन्य व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। जिसके बाद सोनी अपने घर से निकले और बीच-बचाव की कोशिश करने लगे। उतने ही में अंसारी ने सोनी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। उसे गंदी-गंदी गालियां दी और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इससे दीपक बुरी तरह झुलस गया।
अस्पताल में भर्ती दीपक ने बताया कि आरोपी पेट्रोल बेचता है। जैसे ही मैंने उससे कहा कि क्यों लड़ रहे हो। वो बोलने लगा- तुम मेरे मालिक हो। गालियां देते हुए पेट्रोल की बोतल लेकर आया और मुझ पर उड़ेल कर माचिस से आग लगा दी। फिलहाल मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।