मनी लांड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार देर रात करीब दो बजे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह हनी को गिरफ्तार कर लिया है। जालंधर में ईडी अधिकारियों द्वारा दिन भर की पूछताछ के बाद हनी को गिरफ्तार किया गया। हनी को आज मोहाली को अदालत में पेश किया जाएगा।
वर्ष 2018 में दर्ज हुए अवैध खनन के एक मामले में 18 जनवरी को भूपिंदर सिंह हनी के मोहाली, लुधियाना व पठानकोट स्थित ठिकानों पर छापे मारे थे। अवैध बालू खनन माफिया और इससे संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी छह ठेकेदारों के खिलाफ जांच कर रही है।
इस दौरान जांच एजेंसी ने हनी और उसके सहयोगी के आवास से छह करोड़ रुपये और प्रापर्टी के कागजात जब्त किए थे। इस दौरान जांच एजेंसी ने हनी और उसके सहयोगी के ठिकानों से 10.7 करोड़ रुपये की नकदी, लगभग 21 लाख का सोना और 12 लाख की रोलेक्स घड़ी बरामद की थी।
ईडी ने जालंधर स्थित कार्यलय में गुरुवार को भूपिंदर सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया। करीब 9 घंटे तक हुई पूछताछ के दौरान भूपिंदर सिंह घबरा गया और उसने ईडी अधिकारियों के समक्ष तबियत बिगड़ने की बात कही। इसके बाद उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। रात करीब 1 बजे अस्पताल ने भूपिंदर की सभी जांच रिपोर्ट नार्मल होने का दावा किया। जिसके बाद रात 2 बजे भूपिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी द्वारा भूपिंदर को आज मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा।
चन्नी के लिए बढ़ेंगी मुश्किलें
कांग्रेस द्वारा सीएम फेस के एलान से पहले चरणजीत सिंह चन्नी के लिए इस गिरफ्तारी के बाद मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले को लेकर विपक्ष चन्नी पर हमलावर रहा है। वहीं, अपनी ही पार्टी में इस मामले में चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का साथ भी नहीं मिला है। सीएम फेस की दौड़ में चन्नी व सिद्धू हैं।