सामाजिक बहिष्कार का आदेश
पंचायत के छह सदस्य गिरफ्तार
मुंबई। पुणे जिले में एक परिवार के सामाजिक बहिष्कार का आदेश देने के आरोप में एक जाति की पंचायत के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार ने कथित तौर पर कंजरभाट समुदाय की पंचायत को संपत्ति विवाद में हस्तेक्षप किए जाने से रोक दिया था।
पुणे जिले की सासवड तालुका में कंजरभाट समुदाय की महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई है और जात पंचायत की ओर से साल भर के लिए उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने के आदेश दिए जाने का आरोप लगाया है। यह आदेश पिछले महीने दिया गया था।
सासवड पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसके पिता की मौत के बाद उसकी मां और एक अन्य महिला के बीच संपत्ति को लेकर विवाद हो गया। दूसरी महिला के शिकायतकर्ता के पिता से संबंध थे। उन्होंने कहा कि मामला जाति पंचायत में पहुंचा, लेकिन शिकायतकर्ता और उसकी मां ने पंचायत के सामने पेश होने से इंकार कर दिया। इससे नाराज समाज के लोगों ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला तीन नवंबर को लिया।
पंचायत ने इस बहिष्कार को वापस लेने के एवज में परिवार से एक लाख रुपए, पांच बकरी और पांच शराब की बोतलें देने का आदेश दिया। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अभिनव देशमुख ने कहा कि पंचायत के छह पंचों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।