पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले तीसरे शार्प शूटर अंकित सेरसा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह हरियाणा का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे रविवार रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से गिरफ्तार किया। सिर्फ 19 साल के अंकित सेरसा ने हत्या के वक्त दोनों हाथ में गन लेकर मूसेवाला को गोलियां मारी थीं। यह उसका पहला मर्डर था। हत्या के वक्त वही मूसेवाला के सबसे करीब गया था।
पुलिस के मुताबिक, सोनीपत का रहने वाला अंकित इस मॉड्यूल का सबसे छोटा शूटर था। वह महज चार महीने पहले ही गैंग में शामिल हुआ था और उसने मूसेवाला के सबसे करीब जाकर दोनों हाथों से गोलियां चलाई थीं। अंकित पर राजस्थान में भी हत्या की कोशिश के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने इसके अलावा अंकित का दोस्त सचिन भिवानी को गिरफ्तार किया है जिसने इन आरोपियों को छिपाने का आश्रय दिया था और शूटर्स की काफी मदद की थी। हरियाणा का रहने वाला सचिन भिवानी राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का काम देखता है। वह राजस्थान के चुरू में एक अन्य मामले में भी वॉन्टेड है।
बता दें की इससे पहले दिल्ली पुलिस ने गोली चलाने वाले 2 शूटरों सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन शूटरों को गुजरात से गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में आरोपियों को पकड़ने को लेकर पुलिस पूरी तरह से एक्टिव हुई पड़ी है।