प्रशासन ने बंद किया मृणाल गोरे फ्लाई ओवर
मुंबई, सितंबर के अंतिम सप्ताह में हो रही रिकार्ड बरसात ने जहां जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है वहीं जलजमाव के चलते लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस आपाधापी में पीने के पाइप लाइन के फटने से कोढ़ में खाज उत्पन्न हो गया है। इसके कारण गोरेगांव पश्चिम के स्वामी विवेकानंद रोड (एस. वी. रोड) से राम मंदिर की तरफ जाने वाले फ्लाई ओवर ब्रिज को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
मनपा सूत्रों ने बताया कि ब्रिज के पास ही पानी की पाइप लाइन फट गई है।
जिसकी आपातकालीन मरम्मत कार्य के लिए ब्रिज को बंद किया गया है। मुंबई मनपा के पी साउथ विभाग ने लोगों से अपील की है कि मूसलाधार बारिश को देखते हुए बिना कारण अपने घरों से न निकलें। गोरेगांव के एस. वी. रोड से राम मंदिर की तरफ जाने वाले मृणाल गोरे फ्लाई ओवर के पास पानी की पाइप लाइन फ़टने के कारण इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। गोरेगांव पश्चिम से पूर्व की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग के उपयोग करने की अपील की गई है। स्थानीय भाजपा विधायक विद्या ठाकुर ने भी लोगों से अपील की है कि अगर कोई जरूरत हो तो ही घर से बाहर निकलें अन्यथा कोई भी इस बारिश में घर से बाहर न निकले। मुंबई में मंगलवार को 286.4 मिमी बारिश हुई। इस बारिश ने 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रिपोर्ट के अनुसार सितंबर महीने में 26 साल में पहली बार मुंबई में 24 घंटे में इतनी बारिश हुई है। सितंबर महीने में साल 1994 से लेकर साल 2020 के बीच दूसरी बार मुंबई में एक दिन में इतनी बारिश हुई। वहीं सितंबर 1974 से लेकर 2020 में 24 घंटों में हुई यह चौथी सबसे बड़ी बारिश है। मुंबई और उपनगरों में मंगलवार रात से शुरू हुई भारी बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही। इस बारिश से आम लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। इस बारिश से भिंडी बाजार, गोल देउल, नाना चौक, मुंबई सेंट्रल जंक्शन, बावला कंपाउंड, जेजे जंक्शन, हिंदमाता, कालाचोकी, सारथी बार, वर्ली सी फेस की सड़कें नदी में तब्दील हो गईं हैं। इन सभी स्थानों से पानी निकलने तक परिवहन मार्गों को डाइवर्ट किया गया है।