मुंबई का सं वैश्विक महामारी कोरोना संकट से निपटने में जब उत्तर मुंबई का मनपा प्रशासन फेल हो रहा था, मरीजों को सरकारी अस्पतालों में बेड के लिए समस्या होने लगी तब उत्तर मुंबई के भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी ने अनोखी योजना की शुरुआत की। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निजी कोविड केयर सेंटर का ऐसा अभिनव प्रयोग किया जो आज कोरोना के इलाज में मील का पत्थर साबित हुआ है। जिसका निरीक्षण करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे।

कांदीवली पश्चिम के महावीर नगर स्थित जैन जिनालय (उपासना स्थल) पावनधाम को कोविड केयर सेंटर में तब्दील कर शेट्टी ने उसे आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस कर दिया। शुरुआत में बहु मंजिला इमारत पावनधाम में 75 बेड उपलब्ध कराए गए, जहां कुशल डॉक्टरों की टीम ने इलाज का मोर्चा संभाला। बाद में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेडों की संख्या 150 करनी पड़ी। यहां से स्वस्थ हो कर घर जाने वाले मरीजों का आंकड़ा 1000 होने पर एक संक्षिप्त कार्यक्रम में पहुंचे देवेंद्र फडणवीस ने व्यवस्था का अध्ययन किया। उन्होंने इसमें सहयोग देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। कोविड सेंटर के प्रेरक जैन आचार्य नम्रमुनि महाराज ने ऑन लाइन आशीर्वचन प्रदान किया। इस अवसर पर सांसद गोपाल शेट्टी के साथ मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा, अशोक शाह, संतोष सिंह, चेतन शाह, दिनेश मोदी, प्रदीप महेता, नीरव महेता, डॉ. तनवी शाह, दिनेश जालानी, मुकेश भंडारी, पराग शाह, विप में नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर, विजय भाई गिरकर, योगेश सागर, सुनील राणे, मनीषा चौधरी, नगरसेवक प्रवीण भाई शाह, बीना दोशी आदि उपस्थित थे।