बचे हुए खाने को फ्रिज में स्टोर करने का मकसद या तो भोजन को बर्बाद होने से रोकना होता है या फिर समय की बचत करना। अक्सर लोग समय बचाने के लिए कई बार खाना बनाकर फ्रिज में स्टोर कर देते हैं। ऐसा अकसर वर्किंग लोगों के साथ होता है. शहर की व्यस्त जिदंगी में कई बार जब भूख लगे तब ताजा भोजन बनाना संभव नहीं हो पाता है। फ्रिज में रखा भोजन खराब होने से तो बच सकता है लेकिन क्या यह आपकी सेहत को भी खराब होने से बचा सकता है? आइये जानते हैं आखिर कितने दिनों तक फ्रिज में खाना, फल और सब्जियां रखना सेहत के लिए सुरक्षित होता है ।
– फ्रिज में रखे पके हुए चावल को हम सबसे अधिक सुरक्षित और लंबा चलनेवाला भोजन मानते हैं। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि चावल आपको पूरा पोषण दें और आपका पाचन भी ठीक रखें तो आपको फ्रिज में रखने के 2 दिन के अंदर ही इन चावलों को खा लेना चाहिए। फ्रिज में रखे चावलों का सेवन करने से पहले उन्हें कुछ देर कमरे के तापमान पर रख लें। उसके बाद चावलों को अच्छी तरह गर्म करने के बाद ही खाएं।
-अगर आप गेहूं की रोटी को फ्रिज में स्टोर कर रहे हैं तो यह लंबे समय तक फ्रेश बनी रह सकती है। आप 1 सप्ताह तक भी फ्रिज से रोटी निकालकर उसे गर्म करके घी या बटर लगाकर उपयोग में ला सकते हैं। लेकिन यह रोटी उतनी पौष्टिक नहीं रह जाती है। यहां तक कि कुछ लोगों के लिए पेट दर्द की वजह भी बन सकती है। अगर आप गेहूं की रोटी को फ्रिज में रख रहे हैं तो रोटी बनने के 12 से 14 घंटे के अंदर ही उसे खा लेना बेहतर होता है।
-दाल सबसे अधिक पौष्टिक तभी होती है, जब उसे ताजा-ताजा बनाया जाता है। अगर खाने में दाल बच गई है और आपने उसे खराब होने से बचाने के लिए फ्रिज में रखा हुआ है तो उसका सेवन 2 दिन के भीतर कर लें। 2 दिन के बाद फ्रिज में रखी दाल का सेवन करने पर यह पेट में गैस बनाने लगती है।
कटे हुए फलों का कितने समय में सेवन करना चाहिए
कई बार कटे हुए फल बच जाते हैं। ऐसे में बाद में इनका उपयोग करने के लिए लोग उन्हें फ्रिज में रख देते हैं। लेकिन हर फल को खाने का एक निश्चित समय होता है। उसके बाद यह फल दूषित हो जाता है।
-अगर आपने कटा हुआ पपीता (Papaya) फ्रिज में स्टोर किया है तो आपको छह घंटे के अंदर ही उसका उपयोग कर लेना चाहिए। चाकू लगने के 8 घंटे बाद तक पपीता दूषित होना शुरू हो जाता है। इसे 12 घंटे बाद खाएंगे तो यह कटते वक्त जितना गुणकारी था, इस समय उतना ही हानिकारक हो जाता है। यह आपके शरीर के लिए धीमे जहर की तरह काम कर सकता है।
-सेब (Apple) को यदि काटने के बाद ज्यादा देर तक रखा जाए तो उसमें ऑक्सीडाइजेशन होने लगता है। इससे उसकी ऊपरी परत काली होने लगती है। हालांकि इसमें कोई खास नुकसान नहीं है। लेकिन सेब को कटने के बाद 4 घंटे के अंदर ही खा लेना बेस्ट होता है।
-चेरी- 7 दिन, ब्लूबेरी, रास्पबेरी, स्ट्रॉबेरी , ब्लैकबेरी -3-6 हफ्ते, खट्टे फल-1-3 हफ्ते, अंगूर- 7 दिन, तरबूज-खरबूज- बिना कटे-2 हफ्ते, कटा हुआ- 2-4 दिन, अनानास-5-7 दिन के अंदर ही सेवन कर लेना चहिए।
फ्रिज में रखी हुई पकाई गई सब्जियां भी, जिन्हें पूरी तरह बर्तन में ढंककर रखा गया हो, उन्हें भी 24 घंटे के अंदर खा लेना चाहिए। किसी भी फल को अगर आपने काट दिया है तो उसे 6 से 8 घंटे के बाद नहीं खाना चाहिए। अकसर लोग फ्रिज के एक ही शेल्फ पर कच्ची सब्जियों के साथ उसी के बराबर में पका हुआ खाना रख देते हैं। ऐसा करने से फ्रिज में बैक्टीरिया बढ़ने लगते हैं और खाना जल्दी खराब हो सकता है। कच्चे और पके हुए खाने को अगल शेल्फ में बर्तनों से ढंककर रखने से कच्चे खाने का बैक्टीरिया पके खाने को दूषित नहीं कर पाता। बेहतर होगा कि आप पके हुए भोजन को स्टील के टिफिन में बंद करके रखें।
फ्रिज में फल और सब्जी रखने का भी एक निश्चित समय होता है। इस समय अवधि के पूरा होने से पहले ही व्यक्ति को उसका सेवन कर लेना चहिए। तभी उसमें मौजूद पौषक तत्व शरीर को मिल पाते हैं। अगर आप नियमित रूप से खान-पान से जुड़ी इस तरह की गलती करेंगे तो फूड पॉइजनिंग से ग्रसित हो सकते हैं। आपका पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है और आपको बार-बार बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।