611 कन्टेनमेंट जोन, 7 लाख से अधिक घर, 33 लाख से अधिक नागरिकों पर कड़ी नजर
मुंबई, वैश्विक महामारी कोरोना के मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए मनपा प्रशासन ने अपनी लामबंदी तेज कर दी है। मुंबई में दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए मनपा प्रशासन दिन-रात काम कर रहा है। हालांकि पिछले महीने मरीजों की संख्या में गिरावट आई थी। लेकिन उसके बाद से रोगियों की संख्या अचानक से फिर बढ़ने लगी है। कई इमारतो और बिल्डिंगों को कोरोना मरीजों के पाए जाने पर उन्हें सील कर दिया गया है। आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में मुंबई के 33 लाख से अधिक नागरिक कंटेन्मेंट जोन में हैं।
मनपा सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्तमान में मुंबई में 611 कंटेन्मेंट जोन बनाए गए हैं। इसमें 7 लाख 8 हजार घर शामिल हैं। इस कंटेन्मेंट जोन में 33 लाख 9 हजार से ज्यादा लोग रह रहे हैं। कोरोना के शुरुआत से अब तक छह महीनों में 1048 कंटेन्मेंट जोन में ढील दी गई है। जबकी 25,948 इमारतों को कंटेन्मेंट ज़ोन से बाहर रखा गया है। मुंबई में मनपा के 24 विभागों में से आर मध्य में 1,335 इमारतों को तथा आर दक्षिण विभाग में 1010 इमारतों को सील किया गया है। इसके साथ ही 6 विभागों में 500 से अधिक इमारतों को सील किया गया है। ई विभाग में सबसे कम 37 इमारतों को सील किया गया है। मुंबई में कोरोना के रोगियों की कुल संख्या 1,84,313 से अधिक हो गई है। वर्तमान में 27,664 सक्रिय रोगी हैं। जबकि असिम्प्टोमैटिक रोगी 18,375 हैं। इसके अलावा 7966 रोगियों में संक्रमण के लक्षण नजर आए हैं, तो वहीं 1323 मरीज गंभीर हैं। अब तक 1 लाख 47 हजार 807 से अधिक मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जबकि 8466 मरीजों की मौत हो चकी है।