रिक्शा चालक की बेटी ने हासिल किए 97 प्रतिशत अंक
मुंबई। मनपा हिंदी माध्यमिक शाला की छात्रा लक्ष्मी रामलाल कोरी ने एसएससी परीक्षा में 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तर भारतीय समाज का नाम रोशन किया है। कांदिवली पश्चिम में रहने वाली लक्ष्मी के पिता रामलाल कोरी रिक्शा चालक और मां गृहिणी है। मनपा के सभी स्कूलों में, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली लक्ष्मी को भाजपा महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा ने उनके घर जाकर उनका मनोबल बढ़ाने के लिए धनादेश प्रदान किया।
भाजपा महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा अध्यक्ष डॉ. संजय पांडेय ने आवाहन किया के हालात के आगे घुटने ना टेकने वाले लक्ष्मी जैसे बच्चों को समाज संपन्न लोगों को आगे आकर मदद करनी चाहिए।इस अवसर पर ब्रिजेश सिंह, अनिल राय और सत्यप्रकाश सिंह उपस्थित थे।