मुंबई। राज्य में कोरोना की दूसरी लहर के रौद्र रूप को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संक्रमण की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए ‘ब्रेक द चेन’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं।
कोरोना के संक्रमण से प्रभावित मुंबई के हालात को ध्यान में रखते हुए मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने कहा है कि घरों में काम करने वालों को आवाजाही की इजाजत होगी। उन्हें प्रतिबंधों से बाहर रखा जाएगा। चहल ने बताया कि इस अवधि के दौरान घरेलू कामों में सहयोग करने वालों को यात्रा करने और काम करने की अनुमति दी जाएगी। अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा कि मुंबई के निवासियों के लिए स्पष्टीकरण के रूप में आज नए सिरे से आदेश जारी किए जाएंगे। काकानी ने कहा कि हम बताएंगे कि कौन से काम या सेवाएं इस अवधि के दौरान खुली रह सकती हैं। ब्रेक द चेन रात 8 बजे से लागू हो गयी है।