कोलकाता, 02 मार्च। त्रिपुरा की सत्तारूढ़ पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने 60 विधानसभा सीटों वाले इस सूबे में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की तैयारियां पूरी कर ली है। टाउन बड़दोवली सीट से जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री माणिक साहा ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता को समर्पित है। हम लगातार दूसरी बार त्रिपुरा में सरकार बनाने जा रहे हैं।
अपनी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री ने 1257 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटवर्ती प्रतिद्वंदी उम्मीदवार कांग्रेस के आशीष कुमार साहब हराया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है। बहरहाल, माणिक को जीत का सर्टिफिकेट चुनाव आयोग की ओर से मिल गया है। अगरतला में उनके घर के बाहर जश्न का माहौल है। मिठाईयां बांटी गई है़ं और भगवा गुलाल लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया है।
टिपरा मोथा को सरकार में शामिल होने का ऑफर
भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने यहां वैसे तो 34 सीटों पर बढ़त हासिल की है और छह सीटों पर जीत भी दर्ज कर चुकी है। बावजूद इसके पार्टी ने यहां चुनाव में पहली बार उतरकर 11 सीटें जीतने वाली टिपरा मोथा पार्टी को भी सरकार में शामिल होने का खुला ऑफर दिया है। भाजपा ने टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देव वर्मा को कहा है कि पृथक टिपरालैंड की मांग छोड़कर उनकी बाकी सभी मांगें मानने को तैयार हैं। वे चाहते हैं कि टिपरा मोथा भी सरकार में शामिल हो।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने टिपरा मोथा को सरकार में शामिल होने का ऑफर दिया है। इस संगठन का राज्य के जनजातीय समुदाय पर अच्छा खासा प्रभाव है और पृथक ग्रेटर टिपरालैंड राज्य की मांग की वजह से जनजातीय समुदाय की भावनाएं इस पार्टी से जुड़ी हुई हैं।