भोपाल, 24 मार्च । कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म किए जाने पर कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर है। इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इसे षड्यंत्र बताते हुए कहा है कि भारत की जनता राहुल गांधी के साथ है और इंसाफ होकर रहेगा।
राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किए जाने के निर्णय को लेकर कांग्रेस बिफर उठी है। कमल नाथ ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने कांग्रेस के सम्मानित नेता राहुल गांधी के खिलाफ षड्यंत्र करने में सारी हदें पार कर दी हैं। जिस तरह से उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द की गई है, उससे स्पष्ट है कि मोदी सरकार राहुल गांधी से भयभीत है।
सरकार उनके उठाए सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें लोकसभा से दूर करने का रास्ता तलाश रही थी। आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है। लेकिन एक बात अच्छी तरह याद रखनी चाहिए कि ऐसे ही षड्यंत्र स्वर्गीय इंदिरा गांधी के खिलाफ भी किए गए थे, लेकिन उससे इंदिरा जी मजबूत ही हुई थी, कमजोर नहीं। आज भारत की जनता पहले से कहीं मजबूती के साथ राहुल गांधी के साथ खड़ी है। इंसाफ होकर रहेगा।
वहीं कांग्रेस मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा कि यह भारतीय संविधान और न्यायपालिका पर हमला है। हमें उच्च न्यायालय में जाने का अधिकार है, लेकिन मोदी सरकार ने सबको नजरअंदाज किया। देश का न्याय भवन दीनदयाल भवन नहीं है। कहा कि -राहुल गांधी सावरकर नहीं जो माफी मांगेंगे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नही। हम इनसे लड़ेंगे और जीतेंगे। आज का दिन देश में काला दिवस के नाम से जाना जाएगा। सदन व देश में सच बोलने की आजादी तक नहीं है। कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से राहुल गांधी के साथ खड़ी है।