ठाणे के उत्तर भारतीयो की समस्या को लेकर भाजपा अध्यक्ष निरंजन डावखरे से मुलाकात उत्तर भारतीय मोर्चा के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय और उदय प्रताप सिंह भी थे मौजूद ठाणे-ठाणे भाजपा के पैरेंट्स बॉडी में उत्तर भारतियों को उचित प्रतिनिधित्व देने और भाजपा को मजबूत करने तथा ठाणे के उत्तर भारतियों की विभिन्न समस्याओं का तत्काल निराकरण करने जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर महाराष्ट्र प्रदेश के उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय और उदय प्रताप सिंह ने ठाणे भाजपा अध्यक्ष व विधायक निरंजन डावखरे से मुलाकात की. इस मौके पर ठाणे के विधायक संजय केलकर भी मौजूद थे.
ज्ञात हो कि हाल में ठाणे भाजपा के अध्यक्ष निरंजन डावखरे ने अपनी 111 लोगों की नयी जंबो कार्यकारिणी का गठन किया. इसमें 90 लोगों को कार्यकारी सदस्य बनाया है. जबकि 21 लोगों को पद दिया है. कुल 111 लोगों की इस जंबो कार्यकारिणी में देखा जाए तो 10 फीसदी भी उत्तर भारतीय नेताओं को जगह नहीं मिली है. जिससे ठाणे के उत्तर भारतीय नेताओं में कही-न-कहीं आंतरिक नाराजगी है. इसी मुद्दे को लेकर कुछ ठाणे के नेताओं ने भाजपा के उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय और उदय प्रताप सिंह से मिलकर अपनी व्यथा बताया था. जिसके बाद उक्त दोनों नेताओं ने ठाणे में आकर उत्तर भारतीय नेताओं से मुलाकात की. उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पाण्डेय एवं सिद्धिविनायक मंदिर के पूर्व ट्रस्टी उदय प्रताप सिंह ने इस मुद्दे को लेकर ठाणे भाजपा कार्यालय मे जाकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ठाणे विधायक संजय केलकर और भाजपा ठाणे जिला अध्यक्ष निरंजन डावखरे से बात की. इस दौरान डावखरे ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज पार्टी की रीढ़ है और उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय समाज का प्रतिनिधित्व देने के लिए कुछ और लोगों को भी पार्टी में पदों पर लिया जाएगा. इस अवसर पर भाजपा महासचिव विलास साठे के अलावा समाज के श्रीकांत दूबे, विनय सिंह जी, शैलेश मिश्र, रवि सिंह, विजय प्रताप सिंह, प्रदीप सिंह, सत्येंद्र सिंह, दीपक सिंह, दयाशंकर यादव, राज सुधाकर मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित थे.