मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के 5 जून को प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे उनके समर्थन में बोलने वाले भाजपा सांसदों की संख्या बढ़ती जा रही है। उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद अभिनेता मनोज तिवारी ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा है कि भगवान श्रीराम सब के हैं। सभी को अयोध्या जाकर दर्शन करने का अधिकार है। जहां तक हमारी पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के विरोध की बात है, तो वे हमारे साथी सांसद हैं। हमारी कोशिश उन्हें समझाने की होगी।
सांसद तिवारी के इस बयान के बाद भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह अपनी ही पार्टी में अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं। मनोज तिवारी का यह बयान काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े एक्टर होने की वजह से यूपी-बिहार में उनके लाखों फॉलोवर हैं।
भोजपुरी ओटीटी एप ‘चौपाल’ की लॉन्चिंग के लिए मुंबई आये अभिनेता एवं सासद मनोज तिवारी ने कहा कि यदि कोई भगवान राम का दर्शन करना चाहता है, तो उसे रोकना सही नहीं है। यदि किसी से अतीत में कोई गलती हुई है, तो उसे भी चाहिए की वह खुले मन से निर्माण हुई वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर उसे सुधारे।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के अयोध्या दौरे का विरोध कर रहे भारतीय जनता पार्टी सांसद बृजभूषण सिंह अकेले पड़ते नजर आ रहे हैं।तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सबका है और वहां सबका स्वागत है। यदि ऐसी कोई बात अतीत में हुई है, जिस पर उन्हें भी पछतावा है तो उन्हें बड़प्पन दिखाना चाहिए और उस पर अपनी बात कह देनी चाहिए। राजनीति में इस तरह की गल्ती कोई अनहोनी नहीं है। उसे स्वीकारने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। तिवारी ने कहा के वे खुद भी इस बारे में बृजभूषण सिंह से बात करेंगे।
उत्तर मुंबई से भाजपा के सांसद गोपाल शेट्टी ने भी राज ठाकरे के अयोध्या दौरे का समर्थ किया है। उन्होंने पिछले दिनों कहा था कि कोई भी अयोध्या में प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए जा सकता है। वहां जाने से कोई किसी को रोक नहीं सकता है। यदि कोई राजनैतिक मतभेद है तो उसे अन्य तरह से सुलझाया जा सकता है।
इनके साथ ही यूपी के कई बड़े नेता राज ठाकरे का समर्थन कर चुके हैं। भाजपा सांसद लल्लू सिंह, पूर्व सांसद विनय कटियार ने भी राज ठाकरे के अयोध्या दौरे का समर्थन किया है। इसके साथ ही मुंबई भाजपा के नेता भी राज के समर्थन में खड़े दिख रहे हैं।