-भाजपा के महासम्पर्क अभियान के तहत उप्र की राजधानी पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री बोले
लखनऊ, 02 जून । पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री व अल्मोड़ा से दूसरी बार के सांसद अजय टम्टा ने कहा कि राहुल गांधी समेत समूचे विपक्ष की विभाजनकारी और समाज को तोड़ने वाली साजिश को देश की जनता समझ चुकी है। देश की जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को जिताकर पुन: नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। जनता उन्हें(विपक्ष) सबक सिखाएगी।
भाजपा के महासम्पर्क अभियान के तहत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजय टम्टा ने हिन्दुस्थान समाचार से बात करते हुए कहा कि समूचे देश की तरह उत्तर प्रदेश में भी भाजपा के पक्ष में माहौल दिख रहा है। गोण्डा और कैसरगंज संसदीय क्षेत्र में प्रेस वार्ता कर लौटे टम्टा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने यह अभियान तय किया है। पहले चरण में हम पत्रकारों से रूबरू हो रहे हैं। चरणबद्ध तरीके से हमारी पार्टी के कार्यक्रम लगे हैं। हम सरकार के कामकाज को जनता तक ले जाएंगे।
दो बार से केन्द्र में सरकार के बाद 2024 में भाजपा के समक्ष चुनौतियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनौती जैसी कोई बात नहीं है। हमारी सरकार ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त किया, तीन तलाक समाप्त किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। विपक्षी दलों ने गरीबी के नारे खूब दिए, लेकिन गरीबी समाप्त करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। हमारी सरकार ने गरीबों के बैंक खाते खुलवाए, गैस कनेक्शन दिए, बिजली कनेक्शन दिए और आयुष्मान कार्ड दिए। हर क्षेत्र में काम किया है। नये आईआईटी बनाए हैं। एम्स बनाए हैं।
अजय टम्टा ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने रक्षा क्षेत्र में अद्भुत कार्य किये हैं। हमारे सैनिकों के लिए अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए। आज हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। रक्षा उपकरणों के लिए अब हम दूसरों पर निर्भर नहीं हैं। स्वदेशी निर्माण हो रहे हैं। इसी नौ साल के अंदर कोविड जैसी महामारी आई। उसका डटकर सामना किया। अपने देश के अलावा दुनिया के लिए भी वैक्सीन उलब्ध करा कर भारत ने कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी दौरान 80 करोड़ करोड़ लोगों नि:शुल्क राशन दिया गया।
राहुल गांधी के मुस्लिम लीग वाले बयान पर कहा कि मुझे नहीं मालूम कि उन्होंने क्या और क्यों कहा, लेकिन इतना जानता हूं कि देश के 140 करोड़ लोग भारत माता के प्रति समर्पित हैं। जो लोग राजनीतिक लाभ के लिए देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी दाल नहीं गलने वाली है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना किसी भेदभाव के देश की जनता के लिए काम किया है। उन्होंने योजनाएं बनाते हुए जाति, धर्म और मजहब नहीं देखा है। हमारा एक ही लक्ष्य है कि देश के अंदर रहने वाले 140 करोड़ लोग के जीवन में कैसे सुख और समृद्धि आए। प्रधानमंत्री मोदी की इस मंशा को सम्मानित जनता समझ रही है। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें जरूर जवाब देगी।