अप्रैल से अगस्त के बीच सब जूनियर से लेकर सीनियर हॉकी के मैचों का होगा आय़ोजन
रांची, 8 मार्च (हि.स.)। झारखंड में आयोजित होनेवाले राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं का खेल कैलेंडर जारी हो गया है। हॉकी झारखंड की ओर से जिला स्तरीय सब जूनियर, जूनियर औऱ सीनियर महिला और पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के लिए तारीख तय किया गया है। साथ ही राज्य स्तरीय सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और पांच साइट महिला, पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी आयोजन तिथि निर्धारित की गयी है। खेल कैलेंडर जारी करने के साथ हॉकी झारखंड ने सभी जिलों को अपने जिले में खेल प्रतियोगिता समय पर कराये जाने को कहा है। विशेष परिस्थिति में पूर्व सूचना देकर आयोजन तिथि में आंशिक परिवर्तन करने का निर्देश दिया है।
जारी खेल कैलेंडर के मुताबिक सभी जिलों में निर्धारित डेट में सब जूनियर, जूनियर, सीनियर हॉकी मैचों के आयोजन के बाद हॉकी झारखंड की ओर से पुरुषों का (सीनियर) राज्य स्तरीय मैच 26-29 अगस्त को खेला जायेगा। साथ ही महिलाओं (सीनियर) का भी इसी अवधि में मैच होगा। हॉकी इंडिया के नेशनल कैलेंडर के मुताबिक 3-14 मई को पुरुषों (सीनियर) के नेशनल स्तर के मैच होंगे जबकि महिलाओं (सीनियर) के 15-26 फरवरी तक होंगे।
सब जूनियर ह़ॉकी मैचों (पुरुष) के लिए सभी 24 जिलों को 15-16 अप्रैल जबकि महिलाओं के चार-पांच अप्रैल को कराने को कहा गया है। जूनियर (लड़का) मैच दो से छह जून के बीच कराने होंगे जबकि लड़कियों के भी इसी डेट के अंदर कराने हैं। सीनियर मेंस के 29 जुलाई-पांच अगस्त के बीच और महिलाओं के भी पांच अगस्त तक जिला स्तर पर आयोजन करा लिए जाने का निर्देश जारी किया गया है।