बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह को AK-47 मामले में सजा मिली है। पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने मंगलवार को 10 साल कैद में रहने की सजा सुनाई। 14 जून को उन्हें कोर्ट ने दोषी करार दिया था। उनके घर से AK-47 राइफल व अन्य हथियार बरामद हुए थे।
इस सजा के बाद अब अनंत सिंह की विधायकी भी खतरे में पड़ गयी है. नियमत: अब अनंत सिंह की विधायकी छीन ली जाएगी. दो वर्ष से ज्यादा सजा होने पर विधानसभा की सदस्यता खत्म हो जाती है। हालांकि अनंत सिंह के वकील ने हाईकोर्ट में फैसले को चुनौती देने की बात कही है.
2019 में लदवां गांव स्थित उनके पैतृक आवास से एके-47 राइफल, 33 जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे। पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने गत सोमवार को सुनवाई पूरी करने के बाद 21 जून को सजा का एलान करने की घोषणा की थी। अनंत सिंह फिलहाल पटना की बेऊर जेल में बंद है।
बिहार के बाढ जिले की तत्कालीन एएसपी लिपि सिंह ने दावा किया था कि उनके पास हथियारों की तस्करी की पुख्ता सूचना है। इसके बाद पुलिस ने अनंत सिंह के घर पर छापेमारी की थी। करीब 11 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उनके पैतृक आवास से भारी मात्रा में हथियार मिले थे।
छापेमारी के बाद बिहार पुलिस ने अनंत सिंह के पैतृक आवास के केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया था। इसकी सूचना मिलते ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह फरार हो गए थे। हालांकि, चार दिन बाद उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद बिहार पुलिस उन्हें बाढ ले आई थी। वह 2019 से ही पुलिस की गिरफ्त में हैं।