बंगाल की खाड़ी से उठ रहा चक्रवाती तूफान ओडिशा और आंध्र प्रदेश की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। इसका सबसे अधिक प्रभाव ओडिशा के गोपालपुर से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के बीच होने की संभावना जताई जा रही है। बंगाल में भी भारी बारिश के आसार हैं। विशेष राहत आयुक्त ओडिशा पी.के. जेना ने बताया कि चक्रवात गुलाब अभी गोपालपुर से 180 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की तरफ स्थित है। दक्षिण-पूर्व दिशा की तरफ चल रहा है।
इसके आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम और ओडिशा के गोपालपुर के बीच आज देर शाम, रात तक लैंडफाल की संभावना है। निगरानी रखी जा रही है। मार्ग और लैंडफॉल का ठीक समय 2-3 घंटों में ज्यादा स्पष्ट हो पाएगा। प्रभाव की वजह से गंजम, गजपति में हवा की गति 70-80 किलोमीटर रहने की संभावना है। भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। 11 ज़िलों में अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ की 24 टीमों को तैनात किया गया है।
इन राज्यों के कई जिलों में अगले तीन दिनों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है, इसे लेकर मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में मछुआरों को 25 से 27 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उत्तरपूर्वी क्षेत्र में समुद्र में न जाने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ रविवार की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर केंद्रित था, जो ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 270 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और आंध्र प्रदेश में कलिंगपट्टनम से 330 किमी पूर्व में है।