देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़े दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दिल्ली के गोकलपुरी थाना क्षेत्र के गोकलपुर गांव में शुक्रवार देर रात आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई। आग लगने से 30 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया और सूचना मिलते ही फायर टीम-पुलिस स्पॉट पर पहुंची। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर दुख जताया है।
दरअसल, यह हादसा उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी गांव के पिलर नंबर 12 के पास आधी रात के बाद अचानक झुग्गियों में आग लग गई थी। रात करीब 1.00 बजे जैसे ही फायर विभाग को सूचना मिली तो 13 दमकल गाड़ियों को तुरंत दौड़ाया। दो से तीन घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिर पुलिस टीम ने हादसे में मारे गए 7 शव बरामद कर अस्पताल भेज।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कहा कि गोकलपुरी थाना क्षेत्र में रात लगभग एक बजे आग लगने की सूचना मिली। तत्काल टीम को मौके पर बचाव उपकरणों के साथ भेजा गया। उन्होंने बताया कि हमने अग्निशमन विभाग से भी संपर्क किया, जिसने त्वरित कार्रवाई की। हम तड़के चार बजे तक आग बुझा सके तबतक सात लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी। आग लगने से 30 झोपड़ियां जल गईं।
दिल्ली के सीएम ने ट्वीट किया, ‘सुबह सुबह ये दुःखद समाचार सुनने को मिला। मैं स्वयं वहां जाकर पीड़ित लोगों से मिलूंगा।’ पीड़ितों को हरसंभव मदद की जाएगी। दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि शुक्रवार देर रात लगभग एक बजे गोकलपुरी क्षेत्र के गोकलपुर गांव में झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर 13 गाड़ियां भेजी गईं।