नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार के दो मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है लेकिन असली भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री केजरीवाल हैं। ऐसे में उन्हें भी पद से इस्तीफा देना चाहिए।
अनिल चौधरी ने कहा कि शराब घोटाले में एक्सपोज हो चुके भ्रष्ट मंत्रिमंडल के मुखिया केजरीवाल को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से शराब नीति के विरोध में रही है। एक लंबी लड़ाई के बाद दोनों मंत्रियों पर कार्रवाई हुई है। चौधरी ने कहा कि अब वह चाहते हैं कि मुख्यमंत्री केजरीवाल पद से इस्तीफा दें, क्योंकि सारे घोटाले उनकी सह पर हुए हैं।