गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इनमें 6 नाम घोषित किए गए हैं। धोराजी से महेंद्रभाई पाडलिया, भावनगर पूर्व से सेजल पांड्या, खंभालिया से मूलुभाई बेरा, कुतियाना से ढेलिबेन ओडेदरा, डेडियापाड़ा से हितेश वसावा और चोर्यासी से संदीप देसाई को टिकट दिया गया है। पार्टी ने अब तक 166 कैंडिडेट्स की घोषणा कर दी है।
भाजपा ने भावनगर पूर्व सीट पर वर्तमान विधायक विभावरी दवे का टिकट काट दिया है। उनकी जगह सेजल पांड्या को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने पहली सूची में 38 विधायकों के टिकट काटे थे।
इससे पहले भाजपा ने 10 नवंबर को अपने 160 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। दूसरी लिस्ट आने के बाद भाजपा अब तक अपने 166 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। भाजपा की पहली लिस्ट में प्रथम चरण के चुनाव वाले 83 सीटों पर और दूसरे चरण के तहत चुनाव वाले 77 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी।
बीजेपी ने शुक्रवार को गुजरात विधानसभा के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, शिवराज सिंह चौहान, निरहुआ, रवि किशन, मनोज तिवारी, हेमा मालिनी, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, विजयभाई रुपाणी, नितिन पटेल, तेजस्वी सूर्या, हिमंस बिस्व सरमा, भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान आदि के नाम शामिल हैं।
राज्य की 182 विधान सभा सीट पर दो चरणों में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को मतदान होना है। राज्य में 1 दिसंबर को 89 और 5 दिसंबर को 93 विधान सभा सीटों पर मतदान होना है। राज्य में प्रथम चरण के चुनाव वाले 89 विधान सभा क्षेत्रों में नामांकन की आखिरी तारीख 14 नवंबर और 5 दिसंबर को दूसरे चरण में 93 विधान सभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 17 नवंबर है। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।