गुजरात के मोरबी के हलवाड़ जीआईडीसी में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। दीवार पुरानी व जर्जर होने से हादसा हुआ। यह घटना सागर सॉल्ट फैक्टरी में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार दीवार गिरने से करीब 30 मजदूर मलबे में दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घायलों में कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो मलबे की चपेट में आ गए हैं। हालांकि, कंपनी से अब तक इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। दीवार गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।
दीवार के पास बैठकर मजूदर नमक की पैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पूरी की पूरी दीवार ढह गई। हादसे के करीब आधा घंटे पहले यहां 70 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन इनमें से 40 से ज्यादा मजदूर खाना खाने बाहर चले गए थे। नहीं तो और मजदूरों की मौत हो जाती। कंपनी के कुछ श्रमिकों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए मजदूर राधनपुर तहसील के गांवों के रहने वाले हैं।
मृतक परिवारों को 2-2 लाख- पीएमओ
मोरबी में हुए दर्दनाक हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से किए गए ट्वीट में पीएम ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) की ओर से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। जबकि, घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
सीएम ने की 4-4 लाख रुपये देने की घोषणा
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने सीएम राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। पटेल ने मोरबी के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को तत्काल राहत व बचाव के निर्देश दिए हैं।