बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘यास’ ओडिशा और बंगाल के तटीय इलाकों में कहर बरपाने के बाद झारखंड तक पहुंच गया है। आधी रात के बाद चक्रवात ने झारखंड में प्रवेश किया है। झारखंड में चक्रवात यास की वजह से रांची में हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
तूफान के कारण रांची सहित झारखंड के 21 जिलों में 24 घंटे से बारिश जारी है। जमशेदपुर और धनबाद में तेज हवाएं चलने से कई पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इससे 200 गांवों में अंधेरा छाया रहा। इतना ही नहीं इस तूफान का असर बिहार, यूपी सहित कई राज्यों में देखने को मिल रहा है।
तूफान गुरुवार सुबह 5.30 बजे दक्षिणी झारखंड पहुंचकर कमजोर हुआ और डीप डिप्रेशन में तब्दील होना शुरू हो गया। यहां से तूफान उत्तर की तरफ बढ़ रहा है। ये धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।
आईएमडी (IMD) के वैज्ञानिक राजेंद्र कुमार जेनामनी ने बताया कि गुरुवार रात और शुक्रवार को बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश होगी। गुरुवार और शुक्रवार के लिए झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। तूफान का प्रभाव अभी 36 घंटे रहेगा।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मौसम की बात करें तो यहां पर कई इलाको में आज बारिश हो सकती है। यहां पर स्थित बरेली में टॉक्टे के बाद यास तूफान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने तीन दिन बारिश का पुर्वानुमान जताया है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
बिहार में भी अलर्ट
बिहार (Bihar) में भी यास तूफान का असर देखने को मिल सकता है। भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज से तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बिहार में तूफान बांका, जमुई, कटिहार, लखीसराय, भागलपुर होते हुए अन्य भागों में असर दिखाएगा। इससे पटना सहित 26 जिलों में भारी बारिश की आशंका है।
बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
चक्रवात तूफान ने बुधवार को ओडिशा-बंगाल के सीमवर्ती इलाकों में जमकर तबाही मचाई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।