मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का गुरुवार, 24 दिसंबर को दूसरा दिन है. गुरुवार सुबह से यात्रा बोरगांव से शुरू हुई. इस दौरान राहुल गांधी का कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी साथ दिया. पहली बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं.
इस दौरान प्रियंका गांधी के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी इस यात्रा के शुरू होने के बाद से पहली बार इसमें शामिल हुए। वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा भी यात्रा में शामिल हुए. प्रियंका हिमाचल प्रदेश के चुनाव में व्यस्त थीं.
भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी के भाग लेने पर कांग्रेस ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर की, जिसमें राहुल गांधी प्रियंका के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं. इस फोटो के साथ कांग्रेस ने कैप्शन में लिखा, “मजबूत होंगे कदम, जब मिलकर चलेंगे हम। #BharatJodoYatra में राहुल गांधी के कंधे से कंधा मिलाने पहुंची प्रियंका गांधी.”

गुरुवार सुबह 6.00 बजे से ही राहुल और प्रियंका एमपी की धरती से यात्रा लेकर निकले और कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत आम जनता ने भी उनका साथ दिया. मध्य प्रदेश के खंडवा में राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका और जीजा रॉबर्ट वाड्रा कमदताल करते नजर आए.
करीब 10 बजे दुल्हार फाटा के पास यात्रा को कुछ देर के लिए विराम दिया जाएगा. इसके बाद, यात्रा शुरू होकर बडोदा अहीर पहुंचेगी. यहां दोपहर में राहुल गांधी टंट्या भील को श्रद्धांजलि देंगे. दोपहर 2.35 पर एक आदिवासी सभा का आयोजन होगा. इसके बाद, करीब 3 बजे ये यात्रा पंथाना – गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी. और शाम करीब 7-8 के बीच यात्रा रोशिया में विश्राम करेगी.
बता दें कि 5 दिसंबर को यात्रा राजस्थान में प्रवेश करने से पहले छह जिलों बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा के 25-30 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए मध्य प्रदेश में 399 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.