नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कामठी इलाके में रविवार की सुबह कान्हान नदी में नहाने उतरे 5 युवक डूब गए। स्थानीय मछुआरों के साथ मिलकर प्रशासन की राहत एवं बचाव टीम युवकों की खोज में जुटी हुई है। यवतमाल जिले के दिग्रस के रहने वाले सभी युवक स्थानीय अम्मा दरगाह का दर्शन करने से पहले स्नान के लिए नदी में उतरे थे।
कामठी पुलिस के अनुसार यवतमाल जिले के दिग्रस से 12 युवक कामठी में स्थित अम्मा दरगाह का दर्शन करने पहुंचे थे। इनमें से पांच युवक स्थानीय गाडेघाट परिसर में बहने वाली कन्हान नदी में नहाने के लिए उतरे। इस घाट पर नदी में काफी पत्थर है और गहराई भी है। पानी का तेज बहाव उन्हें अपने साथ बहा ले गया। डूबने वालों में सय्यद अरबाज, ख्वाजा बेग, सप्तहीन शेख, अय्याज बेग और मोहम्मद आखुजर शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही कामठी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने से डूबने वाले युवकों का अभी पता नहीं चल सका है। स्थानीय मछुआरों के साथ प्रशासन की राहत एवं बचाव टीम इन युवकों की खोज में जुटी हुई है। दोपहर 12.45 बजे तक डूबने वाले युवकों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।