महाराष्ट्र में NCP नेता नवाब मलिक (Nawab Malik) के बाद अब शिवसेना (Shiv Sena) नेता यशवंत जाधव (Yashwant Jadhav) के मुंबई (Mumbai) स्थित आवास पर शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की।
जाधव बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) की स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। कल ही उनकी पत्नी ने नवाब मलिक की गिरफ्तारी के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
मुंबई नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और शिवसेना नेता यशवंत जाधव के मझगांव स्थित आवास पर आयकर अधिकारियों ने छापेमारी की। आयकर विभाग के अधिकारी सीआरपीएफ जवानों के साथ आज सुबह यशवंत जाधव के घर पहुंचे। फिलहाल उनके घर पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
जाधव पर 15 करोड़ के घोटाले का आरोप है। आयकर की टीम ने मझगांव स्थित कॉपर कैसल पर भी छापा मारा। यह जाधव का दूसरा आवास है। माना जा रहा है कि यह छापेमारी इसी सिलसिले में की गई है। बीजेपी नेता लगातार उन पर गुमनाम कंपनियों के जरिए वित्तीय हेरफेर का आरोप लगाते रहे हैं।
इससे पहले राकांपा नेता व मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ ईडी ने कार्रवाई की थी। मलिक फिलहाल 3 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं। उन्हें दाउद इब्राहिम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है।