पुणे। अहमदनगर जिले के संगमनेर शहर में कोविड-19 की पाबंदी के बावजूद समूह में जमा होने से मना करने पर लोगों के एक समूह द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने की घटना सामने आई है। घटना मुगलपुरा इलाके में हुई। इसके बाद पुलिस ने 10 से 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अहमदनगर के पुलिस अधीक्षक मनोज पाटिल ने बताया कि पुलिस ने सड़क पर भीड़ देखने के बाद उन्हें फटकार लगाते हुए भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। भीड़ में से कुछ लोगों ने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। घटना के बाद वहां कुछ और लोग जमा हो गए। पुलिस बाकी आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।