पंजाब के एक सीनियर आईएएस (IAS) के बेटे की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना के वक्त एक विजिलेंस टीम सीनियर आईएएस के चंडीगढ़ स्थित घर पर रेड के लिए पहुंची थी। परिवार को आरोप है कि उनके बेटे को विजिलेंस टीम ने गोली मारी है। जबकि चंडीगढ़ एसएसपी ने कुलदीप चहल का कहना है कि आईएएस के बेटे ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी है।
इकलौते बेटे की मौत के बाद मां ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कसम खाया है कि जबतक आरोपी पुलिस वालों की वर्दी न उतरवाया तबतक वह अपने बेटे के खून से सने हाथ को नहीं धोएंगी।
भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार पंजाब के आईएएस अधिकारी संजय पोपली के इकलौते बेटे कार्तिक पोपली (27) की शनिवार को चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कार्तिक के सिर में गोली लगी है। कार्तिक को 7.62 एमएम की गोली लगी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कार्तिक ने गोली मारकर आत्महत्या की है।
वहीं कार्तिक की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को विजिलेंस टॉर्चर करती थी। विजिलेंस के मुलाजिमों ने ही बेटे को गोली मारी है। कार्तिक की मां ने कहा कि ये लोग हमारे साथ ऐसे कर सकते हैं तो आम जनता के साथ क्या कर सकते हैं। वहीं पुलिस ने उनके सभी आरोपों का खंडन किया है। पुलिस ने कहा कि पोपली के बेटे ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी है। पिस्टल सील कर दी गई है। पुलिस उसकी बैलिस्टिक जांच करवाएगी।
क्या है मामला?
पंजाब में सीनियर आईएएस संजय पोपली पर बीते दिनों भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। चार दिन पहले उनको विजिलेंस ने अरेस्ट किया था। आईएएस संजय पोपली पंजाब सरकार में पेंशन डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। उन पर आरोप लगा कि सीवरेज बोर्ड का CEO रहते हुए 7.3 करोड़ रुपए के सीवरेज प्रोजेक्ट में 1% कमीशन मांगा था। जिसमें से 3.50 लाख की पहली किश्त दी जा चुकी है। दूसरी किश्त का दबाव डाले जाने पर हरियाणा के करनाल के ठेकेदार ने पंजाब सीएम की एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी। जिसके बाद पोपली को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस गिरफ्तारी के बाद संजय पोपली के ठिकानों पर विजिलेंस पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार को संजय पोपली को मोहाली कोर्ट में पेश किया जाना था। परिजन का आरोप है कि संजय पोपली पर झूठे बयान देने का दबाव बनाया जा रहा था। विजिलेंस कुछ रिकवरी करने घर गई थी। इस दौरान विजिलेंस के अफसरों व संजय पोपली के बेटे कार्तिक से बहस हुई।
कार्तिक की मां ने कहा कि जब वह ऊपर गईं तो देखा कि विजिलेंस वाले उनके बेटे पर पिस्टल ताने हुए हैं। उन लोगों ने उनको नीचे भेज दिया लेकिन जैसे ही वह नीचे पहुंची, गोली चलने की आवाज सुनी। संजय पोपली की पत्नी ने कहा कि कार्तिक को विजिलेंस ने गोली मार दी।
संजय पोपली की पत्नी ने मीडिया से कहा कि विजिलेंस अधिकारी हम पर दबाव बना रहे थे, और वे मेरे घरेलू नौकर को प्रताड़ित भी कर रहे थे कि उन्होंने जो मामला दर्ज किया है, उसके समर्थन में झूठे बयान दें। मेरा 27 वर्षीय बेटा चला गया है। वह एक शानदार वकील था। उन्होंने उसे छीन लिया है। उन्होंने अपने बेटे के खून को दिखाते हुए कहा कि झूठा मामला बनाने के लिए उन लोगों ने उनके बेटे को छीन लिया।
कार्तिक की मां ने कहा कि मुझे न्याय चाहिए। मैं अदालत का रुख करूंगी। मेरे बेटे को मार दिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रेड करने पहुंचे विजिलेंस के लोग कार्तिक को ऊपर ले गए और जब मैं ऊपर गई तो वे मेरे बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कहा, यहां तक कि हमारे मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो डीएसपी के अजय कुमार ने कार्तिक पोपली की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि यह जांच का विषय है, लेकिन हत्या के आरोप निराधार हैं। हम सामान की रिकवरी करने के लिए वहां गए थे। हमने घर के अंदर कदम भी नहीं रखा। हमें घटना के बारे में बाद में पता चला।