लखनऊ, 02 मार्च । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संकेतों के माध्यम से ही भाजपा पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भाजपा का अंत समाजवादी पार्टी ही करेगी। गुरुवार को सुबह अखिलेश ने ट्वीट किया, “रामराज्य का प्रस्थान बिंदु समाजवाद ही होता है।”
बुधवार को विधानसभा में अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच समाजवाद और रामराज्य पर वाद-विवाद हुआ था। यह ट्वीट उसी के प्रतिउत्तर में किया गया माना जा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवाद पर करारा हमला बोलते हुए इसे बहरूपिया ब्रांड बता दिया। देश को सिर्फ रामराज्य से चलने की बात कही थी। वहीं अखिलेश अपने ट्वीट के माध्यम से रामराज की कल्पना को समाजवाद से जोड़ते दिख रहे हैं। इस पर अब राजनीतिक बहस बढ़ने की उम्मीद है।
यूपी विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने समाजवाद को एक मृगतृष्णा बताते हुए कहा कि यह अमीरों को गरीब बनाता है। गरीबों को गुलाम बनाता है। बुद्धिजीवियों को बेवकूफ बनाने का कार्य समाजवाद करता है। उन्होंने कहा था कि विश्व में एक भी ऐसा देश उदाहरण नहीं है, जहां समाजवाद के कारण स्थिति में बदलाव हुआ हो। विकास हुआ हो। समाजवाद केवल नेताओं के अपने लोगों को शक्तिशाली बनाने का सबसे बड़ा पाखंड मात्र है।
उन्होंने कहा कि यूपी रामराज्य की धरती है। यह प्रदेश इसी भाव के साथ आगे बढ़ रहा है। आर्थिक स्थिति में बदलाव, विकासोन्मुख समाज के निर्माण, राजनीतिक अखंडता के निर्माण से ही प्रदेश के लोगों के जीवन को खुशहाल बनाया जा सकता है।
वही अखिलेश यादव ने समाजवाद की अवधारणा को समझने की जरुरत सदन में बताई थी। अखिलेश ने कहा था कि सरकार को समाजवादी सिद्धांत को समझने की जरूरत है। भाजपा के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और ‘रामराज्यस’ जैसे नारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि ये बिना समाजवाद के संभव ही नहीं है। अब एक बार फिर अपने ट्वीट के जरिए अखिलेश इसी बात को स्थापित करने का प्रयास करते दिख रहे हैं।