योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पर ब्लेड से हमले का प्रयास किया गया है। नामांकन के लिए जाते समय पर उनपर यह हमला हुआ। हालांकि, वह बाल बाल बच गए। हमलावर को दबोच लिया गया है। उसके पास सल्फास की गोलियां भी मिली हैं।
सिद्धार्थ नाथ सिंह प्रयागराज में शहर पश्चिमी सीट से बीजेपी के प्रत्याशी हैं। सिद्धार्थ नाथ सिंह बृहस्पतिवार को नामांकन करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच एक युवक जो भाजपा का पुराना कार्यकर्ता है उसने मंत्री पर हमले का प्रयास किया। वह मंत्री तक पहुंच पाता कि लोगों ने उसे दबोच लिया। इससे हड़कंप मच गया। उसे तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस सिरफिरे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। और इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उसने सिद्धार्थ नाथ सिंह पर हमले की कोशिश क्यों की?
भाजपा पार्षद अखिलेश सिंह ने बताया कि मौके पर वह भी मौजूद थे। आरोपी युवक सिद्धार्थनाथ तक नहीं पहुंच सका था। आरोपी कर्नलगंज कोतवाली इलाके के कटरा का निवासी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि वह पहले बीजेपी से जुड़ा था। कुछ समय पहले उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।