भाजपा ने बुधवार को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया। बीजेपी ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को यूपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। भूपेंद्र सिंह को बुधवार को दिल्ली बुलाया गया था, जिसके बाद उनके यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
भूपेंद्र सिंह ने ताजपोशी से पहले भाजपा नेताओं से मुलाकात भी की। उन्हें बुधवार को आजमगढ़ से सीधे दिल्ली के लिए बुलावा गया। करीबी लोगों के मुताबिक भूपेंद्र सिंह को रात में ही पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) से मुलाकात हुई थी। नड्डा ने उन्हें अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी दी।
इसके बाद गुरुवार सुबह गृहमंत्री व पार्टी के कुशल रणनीतिकार अमित शाह (Amit Shah) से मुलाकात हुई। दोनों के बीच करीब आधा घंटे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की गई। इसके बाद दोपहर में भूपेंद्र सिंह को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय बुला लिया गया। वहीं से नियुक्ति पत्र जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को भाजपा का अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि निःसंदेह, आपके ऊर्जावान नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ भाव के साथ प्रदेश में सफलता के नए प्रतिमान स्थापित करेगी।
बता दें कि भूपेंद्र सिंह चौधरी वर्ष 1991 से वह बीजेपी से जुड़े हैं। इसके अलावा भूपेंद्र चौधरी की जाट नेता के रूप में अपनी एक अलग पहचान है। वर्तमान में वह योगी सरकार में पंचायती राजमंत्री हैं। पश्चिमी यूपी में उनकी एक अलग साख है। भूपेंद्र चौधरी को संगठन का भी काफी अच्छा अनुभव है। किसान आंदोलन के समय जब किसान सरकार से नाराज थे तो भूपेंद्र चौधरी ने नाराजगी दूर करने में अहम भूमिका निभाई थी।
राजनीति में एंट्री
भूपेंद्र सिंह चौधरी, का जन्म मुरादाबाद के महेंद्री सिकंदरपुर गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। यहीं जिले के मुरादाबाद के आरएन इंटर कॉलेज से 12वीं तक की पढ़ाई की है। छात्र जीवन में ही वह विश्व हिंदू परिषद से जुड़े और फिर वर्ष 1991 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली, इसके दो साल बाद 1993 में वह भजापा की जिला कार्यकारिणी के सदस्य बन गए। वर्ष 2006 में उन्हें भाजपा ने मुरादाबाद का क्षेत्रीय मंत्री बनाया, इसके बाद 2012 में पार्टी का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया, 2016 में चौधरी भूपेंद्र सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने एमएलसी नामित किया। वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनी तो चौधरी भूपेंद्र सिंह को पंचायतीराज का अध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया।