यूपी के मेरठ जिले में बीजेपी की स्टार प्रचारक और मशहूर रेसलर बबीता फोगाट (Babita Phogat) के काफिले पर हमला हुआ है। इस हमले में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमला करने वाले आरएलडी के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
सिवालखस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दबूथवा गांव में शनिवार को इंटरनेशनल पहलवान बबीता फोगाट भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल के लिए प्रचार करने के लिए गईं थीं। उनके साथ मनिंदर की पत्नी भी थीं। जानकारी के अनुसार बबीता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के घर पर नाश्ता कर रहीं थीं। यहां से निकलते ही रास्ते में कुछ लोगों ने उनका और भाजपा के काफिले का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।
सूत्रों के अनुसार विरोध और मारपीट को देखकर बबीता फोगाट वहां से गाड़ी में बैठकर निकल गईं। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान बबीता फोगाट गाड़ी में बैठकर सुरक्षित निकल गईं थीं। उनपर कोई हमला नहीं हुआ है। जहां विवाद हुआ है वहां दो पार्टियों के दो कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई।
भाजपा नेता सत्येंद्र का आरोप है कि भाजपा के काफिले पर हमला करने वाले आरएलडी के कार्यकर्ता हैं। उनका आरोप है कि हमला करने वाले लोगों ने उन पर और उनके कार्यकर्ताओं को लाठी-डंडो से पीटा है। हमले में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिसमें वह भी शामिल हैं।
बबीता फोगाट ने RLD कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराई FIR
इस घटना के बाद बबीता फोगाट ने कहा, ‘मेरी गाड़ी की लाइट तोड़ी गई। काफिले की अन्य गाड़ियां को भी तोड़ा गया। मामले में हमने FIR दर्ज़ कराई है। सपा और RLD ने आज साबित कर दिया है कि ये लोग गुंडागर्दी फैलाते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जयंत चौधरी जी आप अपने मां-बाप के संस्कार भूल गए हैं। बुरी संगत का असर आप दिखाने लग गए हैं।’